गरोठ में राहगीर अभियान का चौथा चरण तेज, प्रशासन ने संभाली कमान..!
एसडीएम राहुल चौहान की मौजूदगी में ग्राम सभाओं में गूंजा अतिक्रमण मुक्त रास्तों का संकल्प, बोलिया-लसूड़िया से हटाने की कार्रवाई शुरू..!

- जनभागीदारी से खुलेगा रास्ता गरोठ उपखंड में अभियान ने पकड़ी रफ्तार..!
राकेश ग्वाला
गरोठ एक्सप्रेस न्यूज़
गरोठ उपखंड में लंबे समय से रास्तों पर अतिक्रमण की समस्या से जूझ रहे ग्रामीणों के लिए अब राहत की उम्मीद नजर आने लगी है। प्रशासन द्वारा चलाया जा रहा
राहगीर अभियान अब अपने चौथे चरण में प्रवेश कर चुका है और इस चरण में कार्रवाई और जागरूकता दोनों को साथ लेकर अभियान को तेज गति दी जा रही है।
आज आयोजित ग्राम सभा में गरोठ, भानपुरा और शामगढ़ तहसीलों के एसडीएम राहुल चौहान, तहसीलदार और नायब तहसीलदार स्वयं मौजूद रहे। ग्राम सभा के एजेंडे में विशेष रूप से राहगीर अभियान को शामिल किया गया, जहां ग्रामीणों को इस अभियान की आवश्यकता, उद्देश्य और आगामी कार्ययोजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
ग्राम सभा में हल्का पटवारियों द्वारा अब तक अभियान के तहत किए गए कार्यों की जानकारी साझा की गई। इसमें उन रास्तों की पहचान का उल्लेख किया गया, जहां अतिक्रमण की समस्या गंभीर रूप से सामने आई है। साथ ही ग्रामीणों को यह भी बताया गया कि इन अतिक्रमणों को हटाने के लिए आगे किस प्रकार से जनभागीदारी को प्राथमिकता दी जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह अभियान केवल सरकारी कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसमें गांव के प्रत्येक नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। ग्रामीणों को प्रेरित किया गया कि वे स्वेच्छा से रास्तों से अतिक्रमण हटाने में सहयोग करें, ताकि गांवों में आवागमन सुगम हो सके और किसी भी आपात स्थिति में रास्ते बाधित न हों।
इसी कड़ी में ग्राम बोलिया और लसूड़िया में रास्तों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। प्रशासनिक अमले की मौजूदगी में यह कार्य प्रारंभ हुआ, जिससे यह स्पष्ट संकेत मिल रहा है कि अब अभियान केवल कागजों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जमीन पर भी असर दिखेगा।
राहगीर अभियान के इस चौथे चरण ने यह साफ कर दिया है कि गरोठ उपखंड में अब रास्तों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए प्रशासन पूरी तरह से गंभीर है और आने वाले दिनों में यह अभियान और अधिक व्यापक रूप ले सकता है।


