नीमच के रोहित की मौत… गरोठ की नर्स पत्नी जेल में, रिश्ते की दरार बनी जानलेवा..!
गरोठ की प्रियंका से हुई थी शादी, ससुराल नीमच जाने से कतराती थी पत्नी—परिजनों का आरोप: प्रताड़ना और उकसावे ने ली युवक की जान..!

दो शहरों का रिश्ता… और बीच में खत्म हो गई एक जिंदगी
राकेश ग्वाला
गरोठ एक्सप्रेस न्यूज़
नीमच जिले के एक युवक रोहित की मौत का मामला अब सिर्फ एक पारिवारिक विवाद नहीं, बल्कि गंभीर आरोपों और कानूनी कार्रवाई का रूप ले चुका है। इस पूरे मामले में गरोठ की रहने वाली उसकी पत्नी प्रियंका, जो गरोठ के एक अस्पताल में नर्स के रूप में कार्यरत है, को पुलिस ने गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, रोहित की शादी गरोठ की प्रियंका से हुई थी और शादी के बाद उसका ससुराल नीमच में था। लेकिन परिजनों का आरोप है कि प्रियंका शुरू से ही नीमच आने-जाने से कतराती थी। वह अक्सर गरोठ में ही रहती और ससुराल में रहने को लेकर टालमटोल करती थी, जिससे पति-पत्नी के रिश्ते में धीरे-धीरे दूरी बढ़ने लगी।
परिवार का कहना है कि यह दूरी समय के साथ विवाद में बदल गई। आरोप है कि प्रियंका बार-बार घर छोड़कर चली जाती, झगड़े करती और रोहित पर दबाव बनाती थी। उसे झूठे मामलों में फंसाने की धमकियां भी दी जाती थीं, जिससे रोहित मानसिक रूप से टूटता चला गया।
परिजनों के मुताबिक, रोहित लंबे समय से तनाव में था। लगातार दबाव, फोन कॉल्स और विवादों के चलते उसकी हालत बिगड़ती गई और अंततः उसने अपनी जान गंवा दी। इस घटना ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया।
मृतक के परिवार ने पुलिस को दिए आवेदन में सिर्फ पत्नी प्रियंका ही नहीं, बल्कि कई अन्य लोगों के नाम भी शामिल किए हैं। आरोप है कि इन लोगों ने भी अलग-अलग तरीकों से रोहित पर दबाव बनाया और उसे इस कदम तक पहुंचाने में भूमिका निभाई।
परिवार ने यह भी कहा है कि आवेदन में जिन नामों का उल्लेख किया गया है, उनमें कुछ ऐसे लोग भी हैं जिनकी भूमिका की निष्पक्ष जांच बेहद जरूरी है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की गहराई से जांच कर सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
फिलहाल पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रियंका को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य नामों को लेकर जांच जारी है। गरोठ और नीमच के बीच जुड़ा यह रिश्ता अब एक दर्दनाक अंत में बदल चुका है।
👉एक तरफ नीमच का परिवार अपने बेटे को खोने के गम में डूबा है, वहीं अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि क्या रोहित को पूरा न्याय मिल पाएगा।




